इलाहाबाद। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के जेके इंस्टीट्यूट का कम्प्यूटर लैब वर्षों की लंबी प्रक्रिया के बाद बनकर तैयार हो गया है। बस उद्घाटन होना बाकी है। 100 कम्प्यूटर वाला लैब आधुनिकतम सुविधाआें से युक्त होगा। इसके साथ दो कांफ्रेस हाल भी बनाए गए हैं।
कम्प्यूटर लैब का शिलान्यास 2008 में तत्कालीन कुलपति प्रोफेसर आरजी हर्षे ने किया था लेकिन उसके बाद काम रुक गया। धीरे-धीरे उस स्थान पर बेकार हो चुके उपकरण डंप होने लगे। हालांकि कुछ महीने पहले कुलपति प्रोफेसर रतनलाल हांगलू की उस पर नजर पड़ी तो काम फिर से शुरू हुआ। लैब का हर कम्प्यूटर इंटरनेट से जुड़ा होगा। तकरीबन 60 लाख रुपये की लागत से बने लैब में कांफ्रेंसिंग समेत कई सुविधाएं होंगी। इसके साथ दो हाल बने हैं। प्लेसमेंट के लिए आने वाली कंपनियां इन हाल में इंटरव्यू, परीक्षा आदि करा सकेंगी। रजिस्ट्रार प्रोफेसर नरेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि लैब बन चुका है। जल्द ही इसका उद्घाटन हो जाएगा। इसमें इसी सत्र से पढ़ाई शुरू होगी।
25 नहीं 17 लाख में लग गए इलेक्ट्रिक उपकरण
इलाहाबाद। (ब्यूरो) खास यह कि कम्प्यूटर लैब का इस्टीमेट तैयार करते समय इलेक्ट्रिक वायर बिछाने तथा अन्य समान के लिए 25 लाख रुपये का बजट बनाया गया था लेकिन मात्र 17 लाख रुपये में सभी इलेक्ट्रिक उपकरण लग गए। ऐसे में पूर्व में तैयार इस्टीमेट को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।