बदले मौसम से किसान परेशान
करछना भीरपुर इलाके में इन दिनों मौसम की मार झेल रहे किसान बेहद परेशान है। तीन दिनों से आसमान में छाए बादलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को छाए बादलों से हुई बूंदाबादी से किसानों का कृषि कार्य प्रभावित हुआ है। हल्की बूंदाबांदी के चलते तैयार गेहूं की फसल की कटाई व मड़ाई अचानक बाधित हो गई है। जिससे किसान चिंतित व मायूस है।
मेजा में हल्की बारिश से किसानों के चेहरों की उड़ी खुशी
मेजा इलाके में शुक्रवार सुबह हुई हल्की बारिश से किसान डर गए। इस समय गेहूं के साथ सरसों की फसल की कटाई तेजी से चल रही है। उस पर हल्की बारिश शुरू हुई तो किसानों ने कटी फसल को बचाने के जुगुत में लग गए। लेकिन, उनके चेहरे का रंग बदल गया। मौसम का मिजाज सुबह से ही बदला-बदला नजर आ रहा था। लेकिन, सुबह करीब ग्यारह बजे अचानक हल्की बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई हल्की बारिश में किसान खेतों में कटी फसल को इकट्ठा करने में जुट गए।
बता दें कि इस समय गेहूं और सरसो की फसल की कटाई तेजी से चल रही है। अमिलिया कला के किसान श्याम जी ने बताया कि मौसम के मिजाज को देखते बन रहा था। किसानों को आशंका थी कि कहीं ओला न पड़ जाए। लेकिन संयोग अच्छा था कि हल्की बूंदाबंदी के बाद मौसम साफ हो गया। वहीं, निबैया पहाड़पुर के किशोरी लाल पटेल ने बताया कि हल्की बारिश से गेहूं की मड़ाई नहीं हो सकी। किसानों की परेशानी बढ़ गई।