Weather hit: Bangalore, Kolkata flight canceled
कोहरे की मार : बंगलूरू, कोलकाता की फ्लाइट निरस्त
इस सीजन में पहली बार प्रयागराज से कोई फ्लाइट हुई निरस्त
दृश्यता कम होने की वजह से दिन में एक बजे बाद लैंड हुई फ्लाइट
प्रयागराज। कोहरे का असर शनिवार को प्रयागराज आने वाली सभी फ्लाइटों पर पड़ा। एयरपोर्ट रनवे पर दृश्यता कम होने की वजह से शनिवार को प्रयागराज-बंगलूरू और प्रयागराज-कोलकाता फ्लाइट निरस्त हो गई। इस वजह से यात्रियों को खासी परेशानी हुई। बाद में कुछ यात्रियों को जहां संबंधित विमानन कंपनी की ओर से रिफंड दिया गया तो कुछ को सड़क मार्ग से लखनऊ और वाराणसी भेज वहां से दूसरी फ्लाइट से भेजे जाने की व्यवस्था की गई।
सुबह से ही एयरपोर्ट के रनवे पर 700 मीटर से कम दृश्यता होने की वजह से यहां कोलकाता-प्रयागराज पहली फ्लाइट के रूप में दिन मेें एक बजे के बाद लैंड कर सकी। बाद में यही फ्लाइट प्रयागराज से रायपुर गई और वापस भी आई, लेकिन शाम को दृश्यता कम होने की वजह से कोलकाता की उड़ान नहीं भर सकी। इसी तरह बंगलूरू-प्रयागराज फ्लाइट भी एयरपोर्ट पहुंची, लेकिन शाम को दृश्यता कम होने की वजह से यह फ्लाइट भी उड़ नहीं सकी। दोनों ही फ्लाइटों में यात्रियों को बैठा दिया गया था लेकिन बाद में उन्हें उतार लिया गया। इससे यात्रियों में खासी नाराजगी रही। मुंबई और दिल्ली की दोनों उड़ान भी कुछ विलंब से यहां आई। हालांकि दृश्यता ठीक होने की वजह से विमानन कंपनी इंडिगो की दोनों फ्लाइट यहां से उड़ी। उधर कोलकाता और बंगलूरू की फ्लाइट बाद में यही रोक ली गई। अब रविवार की सुबह दृश्यता ठीक होने पर ही दोनों फ्लाइट यहां से उड़ान भरेगी।