सिविल लाइंस से पुराने शहर जाने का मुख्य रास्ता सोमवार की रात बंद कर दिया गया। निरंजन रेल ब्रिज पर स्टील के पुराने गार्डर को हटाकर यहां कंक्रीट के गार्डर लगाए जाने की वजह से यहां रोड ब्लॉक लगाया गया है। यह काम यहां 30 जून तक होना है। इस अवधि में जानसेनगंज की ओर से बिजली घर जाने वाला ट्रैफिक बाधित कर दिया गया है। हालांकि, इस अवधि में रेल संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि अभी ब्रिज के ऊपर कोई काम नहीं होना है। गार्डर लगाने के लिए रेलवे एक बार फिर से ब्लॉक लेगा।
बता दें कि फरवरी 2016 में रेलवे की ओर से निरंजन ब्रिज पर ब्लॉक लिया गया था। तब यहां ब्रिज से गुजरने वाली पांच रेल लाइनों में से तीन लाइन पर रेलवे ने सालों पुराने स्टील के गार्डर को हटाकर कंक्रीट के गार्डर लगाने का काम किया था। इस दौरान रोड ट्रैफिक के साथ ही रेल ट्रैफिक पर भी खासा असर पड़ा था। इसी क्रम में अब पुल की बाकी दो लाइनों के नीचे से भी स्टील के गार्डर हटाकर रेलवे को कंक्रीट के गार्डर लगाने का काम करना है। इसके लिए सोमवार रात ही ब्लॉक ले लिया गया। बताया जा रहा है कि 30 जून तक यहां सिर्फ कंक्रीट के गार्डर लगाने की तैयारियों के मद्देनजर ही काम होना है। इस दौरान बड़ी क्रेनों की सहायता से कंक्रीट के गार्डर लाए जाएंगे। इन गार्डरों को उचित स्थान पर रखा जाएगा, जबकि गार्डर बदलने के लिए रेलवे बाद में दो दिन का और ब्लॉक ले सकता है। अभी इसकी तारीख मुकर्रर नहीं हुई है। ऐसे में तय है कि जब गार्डर लगाने का काम होगा तो शहरियों को एक बार फिर से ट्रैफिक ब्लॉक की समस्या झेलनी होगी। इस बारे में उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ बिजय कुमार का कहना है कि पिछली दफा गार्डर एवं अन्य सामान पहले ही मंगवा लिए गए थे। इस बार गार्डर एवं अन्य सामान आदि को बड़ी क्रेन की सहायता से लाया जाना है। अभी गार्डर लगाया नहीं जाएगा। उसके लिए बाद में एक बार फिर से ब्लॉक लिया जाएगा। बाकी के अन्य काम 30 जून तक हर हाल में कर लिए जाएंगे।