डीएसए ग्राउंड के पास लीकेज मरम्मत का जलकल करा रहा काम
प्रयागराज। खुसरोबाग से पीडी पार्क जाने वाली मुख्य पाइप लाइन में लीकेज मरम्मत का काम सिविल लाइंस में रहने वालों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। बृहस्पतिवार को नियमित आपूर्ति के बाद भी पेयजल संकट बना रहा। शाम को मरम्मत कार्य के लिए खोदाई तो हुई लेकिन लीकेज बनाया नहीं जा सका।
पानी टंकी आरओबी के डीएसए ग्राउंड छोर पर मुख्य पाइप लाइन में लीकेज से पानी बह रहा है। सिविल लाइंस के लोगों की शिकायत है कि नलों से लो प्रेशर का पानी जरूरत पूरी करने में बाधा बना है। वहीं अधिकतर लोग दूषित जलापूर्ति की शिकायत कर रहे हैं। शिकायत का निस्तारण कराने के लिए जलकल विभाग मुख्य पाइप लाइन के मरम्मत का काम करा रहा है। अधिसाशी अभियंता सौरभ श्रीवास्तव के मुताबिक पाइप लाइन की मरम्मत का काम कराया जा रहा है। दिन में दो से पांच बजे तक जलापूर्ति के बाद मौके पर खोदाई का काम कराया गया। सुबह जलापूर्ति के बाद पाइप मरम्मत का काम कराया जाएगा। उनका दावा है कि जलापूर्ति बाधित नहीं की गई है।
जरूरत के लिए पानी का करें भंडारण
जलकल महाप्रबंधक हरिशचंद्र बाल्मीकि के मुताबिक पाइप लाइन की मरम्मत जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि शुक्रवार को सुबह जरूरत के हिसाब से पानी का भंडारण कर लें। प्रयास होंगे कि शाम तक मरम्मत का काम पूरा कर जलापूर्ति बहाल कर दी जाए।