भर्ती में भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों ने बुधवार को प्रतियोगी छात्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले में जल सत्याग्रह किया और संगम में डुबकी लगाकर दोषियों को सजा दिलाने का संकल्प लिया। छात्रों ने कहा कि सरकार बट और बूट से उनकी आवाज को नहीं दबा सकती।
छात्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगम तट से घोषणा की थी कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराकर दोषियों को जेल भेजा जाएगा। सीबीआई जांच तो हुई, लेकिन किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। आयोग में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ता जा रहा है और सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। ऐसे में लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है।
आवाज उठाने वाले छात्रों को पुलिस की लाठियां खानी पड़ रही हैं और जेल जाना पड़ रहा है। छात्रों ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर छात्र नेता उदय प्रकाश यादव, अवनीश यादव, विवेकानंद त्रिपाठी, संदीप यादव, अविनाश विद्यार्थी, अरविंद सरोज, अरुण यादव, इंदु प्रकाश यादव, सचिन सिंह, अरविंद यादव, संजय यादव, इंद्रजीत तिवारी आदि मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ दिशा छात्र संगठन की ओर से डेलीगेसी छोटा बघाड़ा में कई लॉज में जाकर संगठन के सदस्यों अभियान की शुरुआत की। इस दौरान छात्रों के बीच आयोग के खिलाफ पर्चा वितरण किया गया। संगठन के अंगद ने कहा कि आयोग की परीक्षाओं में पेपर लीक आम बात हो गई है। सरकार भ्रष्टाचार का विरोध करने वाले छात्रों को जेल भेज रही है। छात्रों का भविष्य खराब करने का भय दिखाया जा रहा है। अभियान में अविनाश, धर्मराज, अमित, अंबरीश आदि शामिल रहे।