संगम तट पर स्थित श्री बड़े हनुमानजी को मां गंगा ने रविवार को भोर में स्नान कराया। मां गंगा के मंदिर में प्रवेश करने पर उनका पूजन अर्चन के साथ स्वागत किया गया। जयकारों के बीच मां गंगा ने मंदिर में प्रवेश कर श्री बड़े (लेटे) हनुमानजी को स्नान कराया।
गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे संगम नगरी में बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। केंद्रीय जल आयोग की रविवार शाम चार बजे की रिपोर्ट के मुताबिक फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 81.96 मीटर दर्ज किया गया। नैनी में यमुना का जलस्तर 81.84 मीटर पहुंच गया है। छतनाग में गंगा का जलस्तर 81.45 मीटर दर्ज किया गया। चेतावनी स्तर 83.734 मीटर और खतरे का निशान 84.734 मीटर है।
शहर के छोटा बघाड़ा, बड़ा बघाड़ा, राजापुर, बेली कछार, सलोरी, चांदपुर, संगम क्षेत्र, दारागंज, दरियाबाद, गऊघाट, अल्लापुर, मीरापुर, राजापुर, गोविंदपुर, नेवादा, करेली, गौसनगर, नैनी, फाफामऊ और झूंसी के तटवर्ती इलाकों के साथ शिवकुटी और रसूलाबाद इलाके में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।