बड़ोखर में उत्तर प्रदेश जल निगम की ओर से 6.75 करोड़ की लागत से निर्मित पानी टंकी ग्रामीणों के लिए सफेद हाथी बनी है। टंकी निर्माण पूरा होने के बाद मात्र कुछ ही दिनों तक ग्रामीणों को पानी मिल सका। उसके बाद पानी टंकी शोपीस बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
बड़ोखर निवासी विनय केशरी ने बताया कि टंकी परिसर में चारों ओर बड़ी-बड़ी घास उग चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पाइपलाइन बिछाने के लिए बाजार में बनी सड़कों को भी तोड़ दिया गया था लेकिन एक भी दिन सुचारू ढंग से पानी नहीं मिला है। जब कभी पानी आता है तो कभी दुर्गंध तो कभी गंदे पानी की शिकायत रहती है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी कोरांव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत कर पेयजल मुहैया कराया जाएगा।
टंकी निर्माण होने स ग्रामीणों में आस जगी थी कि अब गरीबों को भी स्वच्छ पेयजल मिलेगा। यह टंकी शोपीस बनकर रह गई है।- अमन केशरी
कागजों में टंकी निर्माण पूरा हो चुका है और पेयजलापूर्ति हो रही है। जमीनी हकीकत कागजी दावों के विपरीत है। सुनील कुमार सोनी