प्रयागराज। कुरान की आयतों पर टिप्पणी करने वाले शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी को लेकर मुसलमानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को करेली में वसीम का पुतला जलाकर गुस्से का इजहार किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। फूंका गया। उधर, काजी-ए-शहर मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी ने कुरान को आसमानी किताब और मुकम्मल जाब्ता-ए-जिंदगी बताया। उन्होंने भावनाएं भड़काने के आरोप में वसीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की आवाज उठाई है।
शहर काजी ने कहा कि कुरान की 26 आयत तो दूर कोई एक जेर या जबर भी नहीं बदल सकता। अल्लाह ने कुरान की हिफाजत का जिम्मा खुद लिया है। इसी तरह जैक सेवा ट्रस्ट की प्रीतम नगर में हुई बैठक में वसीम रिजवी को इस्लाम से खारिज करने की मांग की गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष सिराज खान, मोहम्मद जाहिद, शाद खां, मोहम्मद अजमल राजू, दिलशाद खां, रेयाज अहमद, कैशउद्दीन तारा, मोहम्मद अहमद, फरहान, दिलावर ने डीएम,एसएसपी को पत्र भेजकर वसीम पर मुकदमा दर्ज कराने का आग्रह किया। जबकि, करेली में देर शाम पुतला फूंकने के बाद मुहम्मद हंजला और उनके साथियों ने चेताया कि अगर कुरान शरीफ पर टिप्पणी करने वाले वसीम की गिरफ्तारी नहीं होती तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।