पूर्व मुख्यमंत्री मायावती सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दाखिल करने वाले परिवादी अरविंद कुमार पांडेय को स्पेशल कोर्ट एमपीएमएलए ने नोटिस जारी कर पक्ष रखने का आदेश दिया है। यह आदेश स्पेशल कोर्ट के जज पवन कुमार तिवारी ने एसपीओ हरिओंकार सिंह और एडीजीसी राजेश गुप्ता को सुनकर दिया है।
प्रकरण प्रतापगढ़ के कोतवाली थाने का है। वादी अरविंद कुमार पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती, सतीश मिश्रा, नसीमउद्दीन सिद्दीकी, राम अचल राजभर आदि के खिलाफ जिला न्यायालय प्रतापगढ़ में परिवाद दाखिल किया था।
आरोप है कि दयाशंकर सिंह की पुत्री, बहन, पत्नी और मां के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था। परिवाद में वादी और गवाहों का बयान दर्ज नहीं हुआ। पत्रावली सुनवाई के लिए स्पेशल कोर्ट आई है।
स्पेशल कोर्ट ने वादी को नोटिस जारी कर कहा है कि वह अदालत में उपस्थित होकर बताए कि क्या परिवाद को इस कोर्ट में सुनवाई का क्षेत्राधिकार है। प्रकरण की अगली सुनवाई 18 मई को होगी।
राम जन्मभूमि पर आतंकी हमला मामले की सुनवाई सोमवार को स्पेशल जज दिनेश चंद ने नैनी जेल परिसर में की। डीजीसी जीसी अग्रहरि ने बताया कि प्रकरण में अभियोजन की बहस पूरी हो जाने के बाद बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता शमशुल हसन ने बहस किया। शेष बहस के लिए 14 मई की तारीख नियत की गई है।