जिले में सौ से अधिक वारंटी और वांछितों को लेकर चुनाव आयोग भी सतर्क हो गया है। आयोग ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर कहा है कि वारंटी और वांछित किसी हाल में चुनाव प्रचार न कर सकें और न ही मतदान कर सकें। अगर वे मतदान करने पहुंचें तो तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाय। इस बाबत सभी थानेदारों को सचेत किया गया है।
आयोग ने चुनाव से पहले शराब और असलहों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने संबंधी आदेश के बाद अपराधियों पर भी शिकंजा कसने का आदेश दिया है। जिले में गिरफ्तारी का अभियान चलाने के बाद भी वांछितों और वारंटियों की संख्या सौ से कम नहीं हो सकी।
आयोग से आदेश आने के बाद एसपी एस आनंद ने सभी थानेदारों को चेतावनी दी है। कहा है कि थानेदार अपने क्षेत्र के वारंटियों और वांछितों को सूचीबद्ध कर लें। यह सुनिश्चित करें कि कोई भी वारंटी व वांछित किसी का चुनाव प्रचार न कर सके। ऐसे लोग मतदाताओं को धमकी भी दे सकते हैं। अगर किसी इलाके में वारंटी व वांछित चुनाव प्रचार करते मिले तो थानेदार पर कार्रवाई की जाएगी।