पीसीबी हॉस्टल में पूर्व छात्र रोहित शुक्ला हत्याकांड के फरार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी हो गया है। अफसरों का कहना है कि अब उन पर कुर्की की कार्रवाई की भी की जाएगी। जिसके लिए कोर्ट से अनुमति मांगी गई है।
पूर्व छात्र रोहित की हत्या पीसीबी हॉस्टल में 14 अप्रैल को हुई थी। रात दो बजे के करीब उसे तब गोलियों से भून दिया गया था जब वह अपने कुछ साथियों के साथ हॉस्टल में पहुंचा था। पिता की तहरीर पर हॉस्टल के ही आदर्श त्रिपाठी, अभिषेक उर्फ नवनीत यादव, सौरभ विश्वकर्मा, प्रशांत उपाध्याय व हरिओम त्रिपाठी, हिमांशु सिंह नामजद हुए। जिनमें से प्रशांत को छोड़कर अन्य सभी आरोपी 15 दिन बीतने के बाद भी पकड़े नहीं जा सके हैं। आरोपियों के हाथ न आने पर पुलिस ने उनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी करने के लिए अर्जी दी थी।
जिस पर कोर्ट ने अर्जी मंजूर कर ली है। पुलिस अफसरों ने बताया कि पांचों फरार आरोपियों के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी हो गया है। उनके खिलाफ कुर्की की भी कार्रवाई की तैयारी है जिसके लिए अनुमति मांगी गई है।
अपराधों में लिप्त छात्रों की बन रही सूची
प्रयागराज। उधर इलाहाबाद विश्वविद्यालय व कॉलेजों को अपराधमुक्त करने की दिशा में पुलिस ने एक और पहल की है। इसके तहत पुलिस अफसर ऐसे पूर्व व वर्तमान छात्रों की सूची तैयार करा रहे हैं जिनका आपराधिक रिकार्ड रहा है। पूर्व छात्रों में ऐसे छात्र शामिल होंगे, जो विवि से पासआउट होने के बाद भी परिसर में सक्रिय हैं। अफसरों ने बताया कि सूची तैयार होने के बाद इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।