174 दिन के बाद नई दिल्ली के लिए शुरू हो रही हमसफर एक्सप्रेस शनिवार 12 सितंबर से शुरू होने जा रही है। बृहस्पतिवार की सुबह इस ट्रेन में सफर के लिए रिजर्वेशन शुरू हुआ तो महज दो घंटे में ही दिवाली के पूर्व प्रयागराज के लिए स्लीपर श्रेणी में 12 एवं 13 नवंबर को प्रतीक्षा सूची हो गई। हालांकि ट्रेन के थर्ड एसी में अभी दिवाली के पूर्व प्रयागराज के लिए बर्थ उपलब्ध है, लेकिन शुक्रवार तक इन सभी बर्थ के भर जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
रेलवे द्वारा 12 सितंबर से 40 जोड़ी ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इसमें नई दिल्ली हमसफर और प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस की शुरुआत प्रयागराज जंक्शन से ही होनी है, जबकि वंदे भारत समेत सात जोड़ी अन्य ट्रेनें भी प्रयागराज जंक्शन के रास्ते ही संचालित होंगी। इन सभी ट्रेनों में आरक्षण बृहस्पतिवार की सुबह शुरू हुआ।
दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस की बात करें तो 12 से 20 सितंबर के मध्य इसके स्लीपर श्रेणी की सभी बर्थ शाम तक भर गई और प्रतीक्षा सूची भी उसमें हो गई। इसी तरह वंदे भारत एक्सप्रेस के चेयर कार में 897 में 471 सीट शाम छह बजे तक बुक हो चुकी थी। प्रयागराज-जयपुर स्पेशल ट्रेन के पहले सफर में 12 सितंबर को स्लीपर श्रेणी में शाम होते-होते प्रतीक्षा सूची हो गई। इसके पूर्व प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी आदि रेलवे स्टेशनों के रिजर्वेशन काउंटर में अधिकांश लोगों ने दिवाली के पूर्व दिल्ली से प्रयागराज आने के लिए अपनी टिकट बुक करवाई।
दिवाली के पूर्व दिल्ली से प्रयागराज के लिए हमसफर के स्लीपर में प्रतीक्षा सूची होने के बाद लोगों ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का रुख किया। थोड़ी देर में स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की भी सभी श्रेणियों में प्रतीक्षा सूची हो गई। 13 सितंबर से ग्वालियर, झांसी के लिए शुरू हो रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस और गोरखपुर के लिए शुरू हो रही चौरीचौरा एक्सप्रेस में भी प्रतीक्षा सूची हो जाने से यात्रियों को निराशा हुई।