जौनपुर के थाना तेजी बाजार में एक अध्यापक से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले नाबालिग आरोपी को जीआरपी ने रविवार को छिवकी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। रंगदारी नहीं मिलने पर वह फायरिंग कर फरार हो गया था। महानगर एक्सप्रेस से मुंबई जाने के दौरान जीआरपी ने उसे दबोचकर जौनपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जीआरपी पुलिस को शनिवार सूचना मिली कि जौनपुर के थाना तेजी बाजार में 15 वर्षीय एक किशोर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर एक अध्यापक से 20 लाख की रंगदारी मांगी थी। फिरौती देने से इन्कार करने पर आरोपी फायरिंग कर फरार हो गया। मामले में तेजी बाजार थाना में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। जानकारी मिली है कि वह ट्रेन संख्या 22177 (महानगरी एक्सप्रेस) में जा रहा है।
सूचना पर जीआरपी प्रयागराज प्रभारी अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में छिवकी चौकी प्रभारी राजेश कुमार वर्मा की टीम ने छिवकी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी को पुलिस ने एस-6 बोगी से दबोच लिया। इसके बाद जीआरपी ने जौनपुर पुलिस को सूचना देकर आरोपी को सौंप दिया।
हत्या का वांछित आरोपी ताप्ती गंगा ट्रेन से गिरफ्तार
उधर, बलिया पुलिस से जीआरपी को सूचना दी कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी मिथुन साहनी पर अपनी पत्नी की हत्या करने पर थाने में एफआईआर दर्ज है। वह ताप्ती गंगा ट्रेन से जा रहा है। सूचना पर जीआरपी ने छिवकी रेलवे स्टेशन पर पहुंची ट्रेन में चेकिंग कर आरोपी को दबोच लिया। जीआरपी प्रभारी अकलेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपी को बलिया पुलिस को सौंप दिया गया है।