कुंभ मेला क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद का भूमि पूजन कार्यक्रम में सोमवार को संगठन के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय शामिल नहीं हो सके। तबीयत खराब होने की वजह से प्रयागराज आने का उनका कार्यक्रम टल गया। हालांकि उनकी गैर मौजूदगी में विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अंबरीश सिंह के नेतृत्व में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान काफी संख्या में विहिप के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
दरअसल, इस बार विहिप के शिविर पर देश दुनिया की निगाहें टिकी रहेंगी। यहां अगले वर्ष शिविर में 31 जनवरी और एक फरवरी को होने वाली धर्म संसद इसका प्रमुख कारण है। इसी धर्मसंसद में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की तिथि संत घोषित करेंगे। इसके अलावा विहिप के शिविर में 42 देशों के कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। पूजन कार्यक्रम के बाद क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने प्रयागराज कुंभ की सफलता का संकल्प लिया। इस दौरान विहिप प्रांत संगठन मंत्री मुकेश के साथ प्रांत मंत्री आनंद , विमल, अविनाश ठाकुर, आरएम गोयल, कृष्ण गोपाल, सुरेश अग्रवाल, लालमणि तिवारी, सर्वेश मिश्र, अजय गुप्ता, अमित पाठक, अमरनाथ तिवारी, दीनानाथ वर्मा आदि मौजूद रहे। विहिप मीडिया प्रभारी अश्वनी मिश्र के मुताबिक स्वास्थ्य खराब होने की वजह से चंपत राय नहीं आए। स्वास्थ्य लाभ के बाद वे शीघ्र ही संगम नगरी पहुंचेंगे।