सार
दरवाजे पर किसी अनजान की आहट होती है तो पिता को लगता है कि शायद उनका बेटा लौट आया है। अगले ही पल उम्मीद टूट जाती है और आंखें नम हो जाती हैं। पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर छह महीने से फंसे मर्चेंट नेवी अधिकारी विनीत मिश्र की वतन वापसी के लिए पिता ललित किशोर मिश्र प्रधानमंत्री कार्यालय से लेकर मुख्यमंत्री और विदेश मंत्रालय तक गुहार लगा चुके हैं। कई जगह शिकायती पत्र दिए, जनप्रतिनिधियों से भी मदद मांगी, लेकिन पिता का कहना है कि अब तक कहीं से भी बेटे की जल्द वापसी का भरोसा नहीं मिला है।
छह महीने से कराची में फंसे प्रयागराज के विनीत मिश्र।
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।
दरवाजे पर किसी अपरिचित की आवाज सुनाई देती है तो लगता है कि शायद मेरा लाल लौट आया है। यह बताते हुए ललित किशोर मिश्र की आंखें भर आती हैं। पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर पिछले छह महीने से फंसे मर्चेंट नेवी अधिकारी विनीत मिश्र की घर वापसी के इंतजार में परिवार की उम्मीदें अब टूटने लगी हैं। लालापुर थाना क्षेत्र के बघला गांव निवासी विनीत के पिता बेटे की वापसी के लिए महीनों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि अब तक किसी भी स्तर से ठोस आश्वासन नहीं मिला है।
ललित किशोर मिश्र बताते हैं कि बेटे की वतन वापसी के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय तक गुहार लगाई है। 22 अक्तूबर को प्रधानमंत्री कार्यालय और दो नवंबर को मुख्यमंत्री से मिलने के लिए गए थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। वहां यह कहकर वापस कर दिया गया कि उनके पास मुलाकात का पूर्व निर्धारित पत्र नहीं है। इसके बाद उन्होंने शिकायती पत्र सौंपा और लौट आए।
पिता बताते हैं कि उन्होंने पटियाला हाउस के पास स्थित विदेश सहायता कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई है। कई जगह पत्र देने के बावजूद अब तक किसी का जवाब नहीं आया है। न ही किसी अधिकारी ने यह भरोसा दिलाया है कि उनका बेटा जल्द घर लौट आएगा।
विनीत की वापसी के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रयास किए हैं। सांसद, बारा और फूलपुर के विधायकों के साथ केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई है। इसके बावजूद परिवार को अब तक बेटे की वापसी की कोई निश्चित जानकारी नहीं मिली है।
ललित किशोर मिश्र की निगाहें अब भी हर दिन दरवाजे पर टिकी रहती हैं। उन्हें उम्मीद है कि किसी दिन दरवाजे पर होने वाली आहट उनके बेटे के लौटने की खबर लेकर आएगी। छह महीने से जारी इंतजार ने पूरे परिवार को बेचैन कर रखा है।