लालापुर विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा करते ग्रामीण
क्षेत्र के इछौरा गांव के ग्रामीण 17 दिन से अंधेरे में हैं, क्योंकि गांव का ट्रांसफार्मर जला हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक कर्मचारी के कहने पर बिजली आपूर्ति बहाल हुई थी, पर अधिकारियों ने समस्या नहीं सुलझाई। इससे गुस्साए ग्रामीण लालापुर उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा करने लगे।
इस घटना का वीडियो वायरल है, जिसमें ग्रामीणों और कर्मचारियों में नोकझोंक दिख रही है। हालांकि, संवाद एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। उपकेंद्र के जेई बिहारी लाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर में वैध कनेक्शनों के अलावा अवैध कटिया जुड़ी हैं। इन अवैध कटिया से लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहा है। जेई ने यह भी बताया कि ग्रामीण अवैध कटिया निकालने का विरोध कर रहे थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।