Prayagraj : थाने पर समझौते के बाद बाहर निकलते ही ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक
Mon, 22 Jun 2026 05:58 PM IST
विनोद सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, सरायइनायत (प्रयागराज)
सार
सरायइनायत थाना क्षेत्र के सराय नूरुद्दीनपुर गांव में आई बारात में डीजे पर डांस करने के विवाद में हुई मारपीट में थाने पर हुए समझौते के बाद पूर्व प्रधान ने बेटे और भतीजों के साथ बाहर निकलते ही गांव के प्रधान पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया।
सरायइनायत थाना क्षेत्र के सराय नूरुद्दीनपुर गांव में आई बारात में डीजे पर डांस करने के विवाद में हुई मारपीट में थाने पर हुए समझौते के बाद पूर्व प्रधान ने बेटे और भतीजों के साथ बाहर निकलते ही गांव के प्रधान पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। गंभीर हालत में प्रधान को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने पूर्व प्रधान उसके बेटे एवं भतीजों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के सराय नूरुद्दीनपुर गांव में शुक्रवार को रात क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर गांव से बारात आई थी। द्वारचार के समय बारातियों एवं घरातियों में डांस को लेकर हुए विवाद में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घराती पक्ष से ग्राम प्रधान सुभाष बिंद एवं बराती पक्ष से पूर्व प्रधान राजबली बिंद को हिरास्त में लेकर थाने ले आई। देर रात थाने पर दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया।
प्रधान सुभाष बिंद जैसे ही थाने से बाहर निकले कुछ दूर पर पूर्व प्रधान उसके पुत्र एवं भतीजों ने उनपर हमला कर दिया और ईंट से सर में कई वार कर घायल कर दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। आनन फानन में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत गम्भीर बनी हुई है। पुलिस ने प्रधान के भाई मनोज कुमार बिंद की तहरीर पर पूर्व प्रधान राजबली बिंद उसके पुत्र हीरा एवं भतीजों करन और एक अज्ञात निवासी सरफुद्दीनपुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।