इलाहाबाद। स्टैनली रोड पर ब्लड बैंक के पास बाइक सवार बदमाश चलती विक्रम में बैठे गल्ला कारोबारी का करीब दो लाख रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकले। दिनदहाड़े लूट की घटना के बाद खलबली मच गई। कंट्रोल रूम की सूचना पर एसपी सिटी, कैंट और कर्नलगंज पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच पहुंच गई। काली पल्सर सवार दो बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद तेलियरगंज की तरफ भागे थे। एसएसपी ने निर्देश पर जगह-जगह चेकिंग होने लगी। तमाम प्रयास के बाद भी बदमाश पकड़ में नहीं आए।
नवाबगंज के कौड़िहार बाजार के रहने वाले सुशील कुमार केशरवानी की राईस मिल है। वह गल्ला भी कारोबारी हैं। दोपहर में लगभग 12 बजे वह शहर आए थे। पुलिस लाइन के सामने स्थित एसबीआई मुख्य शाखा से 1 लाख 95 हजार रुपये एक व्यापारी को देने के लिए निक ाला थे। रकम लेकर वह पैदल ही मेयोहाल चौराहे पर पहुंचे। मेयोहाल से विक्रम पकड़ कर वह कौड़िहार के लिए चले। वह विक्रम में पीछे गेट की तरफ किनारे बैठे थे। रुपयों से भरा बैग पैर पर रखा था। ब्लड बैंक के पास विक्रम सवारी बैठाने के लिए रुकी। तभी काली पल्सर से दो बदमाश आए। सुशील के बैग को झपट्टा मारकर छीनकर भाग निकले। सुशील उस समय गर्दन खुजला रहे थे। जिसके चलते बैग पकड़ नहीं पाए। दिनदहाड़े छिनैती की घटना के बाद खलबली मच गई।
कंट्रोल रूम को लूट की सूचना दी गई। सूचना पर कप्तान ने शहर के सभी थानेदारों को जगह-जगह चेकिंग का निर्देश दिया। इंस्पेक्टर कैंट राजहंस शुक्ला, इंस्पेक्टर कर्नलगंज, सीओ सिविल लाइंस सचिंद्र पटेल और एसपी राजेश कुमार मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में सुशील ने बताया कि बाइक चला रहे बदमाश ने सफेद शर्ट पहनी थी। दोनों का चेहरा खुला था। सुशील कुमार को पुलिस लाइन में लाकर जगह-जगह लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा गया। लेकिन कहीं भी बदमाश नजर नहीं आए।
रास्ते में ही बदमाशों ने डाल दिया था खुजली वाला पाउडर
इलाहाबाद(ब्यूरो)। बदमाशों ने कारोबारी सुशील के गर्दन पर पीछे से खुजली वाला पाउडर डाल दिया था। जिसके चलते उन्हें बार-बार खुजली हो रही थी। जिसके चलते वह बैग छोड़कर खुजली करने लगते थे। विक्रम में बैठे सुशील से जिस समय छिनैती हुई थी। उस समय भी वह गर्दन में खुजली कर रहे थे। जिसका बदमाशों ने लाभ उठाया।
बैंक से ही पीछे लगे थे बदमाश
इलाहाबाद(ब्यूरो)। सुशील कुमार का बदमाश बैंक से ही पीछा कर रहे थे। बैंक से रकम निकालने के बाद सुशील पैदल ही मेयोहाल चौराहे तक गए। रास्ते में एक दुकान पर खड़े हो गए थे। आशंका है कि इसी बीच बदमाशों ने पीछे से उनके गर्दन पर खुजली वाला पाउडर डाल दिया था। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को देख रही है।