वाराणसी से नई दिल्ली के लिए शुरू हुई नई वंदे भारत एक्सप्रेस चार दिन के सफर में एक भी दिन प्रयागराज जंक्शन समय पर नहीं पहुंची है। 20 दिसंबर से लगातार यह ट्रेन दोनों ओर से प्रयागराज जंक्शन विलंब से पहुंच रही है। इस बीच कोहरा पड़ने से दिल्ली रूट की अन्य ट्रेनों की भी चाल बिगड़ गई है। लगातार दूसरे दिन प्रयागराज एक्सप्रेस समेत तमाम ट्रेनें यहां समय से नहीं पहुंच सकीं। इससे यात्रियों को भी परेशानी हुई।
वाराणसी से नई दिल्ली के लिए 22415 वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन बुधवार 20 दिसंबर से शुरू हुआ है। वाराणसी से नई दिल्ली के लिए 20 दिसंबर को यह ट्रेन सात मिनट, 21 दिसंबर को 12 मिनट, 22 दिसंबर को 14 मिनट एवं 23 दिसंबर को 41 मिनट देरी से प्रयागराज जंक्शन पहुंची। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 22416 वंदे भारत नई दिल्ली से चलने के बाद 20 दिसंबर को 30 मिनट, 21 को सात मिनट, 22 को 2.08 घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची 23 दिसंबर को भी वंदे भारत नई दिल्ली से दोपहर तीन बजे की बजाय शाम 4.43 बजे चली। प्रयागराज जंक्शन पर यहां रात 10:30 बजे के बाद आने की बात कही गई।
वहीं, पुरानी वंदे भारत शनिवार को समय से प्रयागराज जंक्शन पहुंची। उधर, कोहरे के चलते दिल्ली रूट की प्रयागराज जंक्शन की ओर आने वालीं तमाम ट्रेनें सुबह के समय विलंब से पहुंचीं। प्रयागराज एक्सप्रेस 2.30 घंटे, देहरादून-सूबेदारगंज, बीकानेर-प्रयागराज एक-एक घंटे, रीवा एक्सप्रेस दो घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 2.20 घंटे, संगम एक्सप्रेस 35 मिनट, नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट 2.30 घंटे, नई दिल्ली-प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस 1.50 घंटे की देरी से पहुंची।