लॉकडाउन खत्म होने के चार दिन बाद दसवीं और बारहवीं की कॉपियों का मूल्यांकन दोबारा शुरू हो जाएगा। सीबीएसई की ओर से बताया गया कि जिन विषयों की परीक्षाएं हो गई थीं, उनकी कापियों का मूल्यांकन बोर्ड परीक्षा के साथ चल रहा था, लेकिन लॉकडाउन शुरू होने के चलते उनका मूल्यांकन भी रोक देना पड़ा था। प्रधानाचार्यों के साथ गूगल पर ऑनलाइन बैठक में सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने कहा कि मूल्यांकन जल्द पूरा करने के लिए परीक्षकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि रिजल्ट में देरी न हो।
गूगल बैठक में परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि बची हुईं परीक्षाएं लॉकडाउन खत्म होने के बाद कराई जाएंगी। ऑनलाइन बैठक में शामिल गंगागुरुकुलम की प्रधानाचार्या अल्पना डे ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक का कहना था कि इसके लिए बोर्ड को मानव विकास संसाधन मंत्रालय की अनुमति का इंतजार है। मंत्रालय की मंजूरी के बाद परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। ऑनलाइन बातचीत में कहा कि परीक्षा जल्द पूरी करने के लिए रविवार को भी परीक्षा हो सकती है। परीक्षा के दौरान एक कक्ष में दस परीक्षार्थियों को बैठाने के बारे में विचार चल रहा है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान स्कूलों में ऑनलाइन क्लास में 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य होगी। स्कूल खुद पहली से आठवीं तक के कोर्स में कमी कर सकते हैं। एनसीईआरटी पहले ही आठवीं तक के कोर्स में कमी कर चुका है। बोर्ड ने छात्रों को गैर जरूरी पाठ न पढ़ाने का भी सुझाव दिया है।