उत्तर प्रदेश के कृषि कर्मचारियों का टीकाकरण होने लगा है। मेरठ निवासी रजत ऐरन ने कोरोना मामले में 27 मई 2021 को पत्र याचिका भेजी थी, जिस पर हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से जानकारी मांगी थी। हाईकोर्ट द्वारा संज्ञान लेने से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कृषि विभाग के कर्मचारियों का टीकाकरण शुरू हो गया है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि छात्र रजत ऐरन के अनुसार बिजनौर एवं लखनऊ में टीकाकरण से वंचित सभी कर्मचारियों का डाटा संकलित किया जा रहा है तो मेरठ में डाटा संकलित करके टीकाकरण शुरू हो गया है। अधिवक्ता विकास उपाध्याय एवं ऋषि श्रीवास्तव के मुताबिक एक अन्य अर्जी में कृषि कर्मचारियों की तरह ही उद्यान, मत्स्य, गन्ना, मंडी परिषद एवं पशुपालन विभाग के कर्मचारियों के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उनकी सेवाओं को फ्रंटलाइन वर्कर के दायरे में लाकर प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण की मांग की गई है। संवाद