उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के 10 प्रतिशत सवर्ण आरक्षण लागू करने के बाद अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी इसी महीने सवर्ण आरक्षण बिल सदन से पास कराकर लागू करने का संकल्प कुंभ क्षेत्र में लिया।
दोनों मुख्यमंत्री सोमवार को कुंभ क्षेत्र आए थे। इस दौरान वे दोनों रामानंदाचार्य स्वामी हंसेदवाचार्य के शिविर में पहुचे। इस मौके पर रावत और खट्टर ने बताया कि सवर्ण आरक्षण को अपने-अपने प्रदेश में लागू करने की प्रक्रिया पर तेजी से काम हो रहा है। पूरी उम्मीद है कि एक सप्ताह के अंतराल में इसे लागू करने की घोषणा कर दी जाएगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि सवर्ण आरक्षण से गरीब तबके के सवर्णों को प्रदेश में भी नौकरियों में भागेदारी करने का लाभ मिलेगा। त्रिवेंद्र सिंह ने इस दौरान 2021 में हरिद्वार में लगने वाले कुंभ का निमंत्रण पत्र भी स्वामी हंसेदवाचार्य को दिया। उत्तराखंड मुख्यमंंत्री ने कुंभ क्षेत्र में व्यवस्थाओं को लेकर योगी सरकार की तारीफ भी किया।
मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि सवर्ण आरक्षण बिल को लागू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस पर बहुत तेजी से काम चल रहा है। किसी भी दिन इसे लागू करने की घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद दोनों मुख्यमंत्री कुंभ क्षेत्र में स्थापित विश्व हिंदू परिषद के शिविर में भी गए।
वहां पर दोनों ने विहिप पदाधिकारियों के साथ राम मंदिर और धर्म संसद को लेकर चर्चा किया। इसी तरह रावत और खट्टर ने जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद से उनके शिविर में जाकर मुलाकात किया। इस मौके पर उत्तराखँड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक सहित कई और प्रमुख लोग भी उनके साथ थे।