प्रयागराज जंक्शन, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल हो या फिर मिर्जापुर। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के इन सभी स्टेशनों पर रेलवे का यूटीएस एप यात्रियों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया है। बीते आठ माह के दौरान एनसीआर प्रयागराज मंडल के इन सभी रेलवे स्टेशनों पर 11 लाख से अधिक यात्रियों ने यूटीएस एप के माध्यम से अपना जनरल टिकट लिया। इससे जहां यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए लंबी लाइन में लगने से निजात मिली तो वहीं दूसरी ओर रेलवे को 2.39 करोड़ रुपये का राजस्व भी मिला।
दरअसल, केंद्र सरकार की डिजिटल इंडिया पहल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेल द्वारा यूटीएस ऑन मोबाइल एप कोरोना लहर के बाद लॉन्च किया गया। इसका मकसद था सेल्फ टिकटिंग को बढ़ावा देना और यह भी सुनिश्चित करना कि बिना लाइन में लगे यात्री अपने मोबाइल से ही टिकट खरीद सके। यह चलते-फिरते टिकट खरीदने का एक सुविधाजनक तरीका है।
जनवरी 2023 से अगस्त 2023 तक में 11 लाख से अधिक यात्रियों ने इस मोबाइल एप के माध्यम से अपने टिकट बुक किए। वर्ष 2022 ( जनवरी 2022 से अगस्त 2022) कि तुलना में वर्ष 2023 में 96 फीसदी से अधिक लोगों ने इस यूटीएस ऑन मोबाइल एप की सुविधा का उपयोग किया। प्रयागराज मंडल के सभी स्टेशनों पर ऑनलाइन अनारक्षित रेल टिकट बुकिंग के लिए मोबाइल एप की सुविधा उपलब्ध है।
मंडल में कानपुर रहा अव्वल
यूटीएस ऑन मोबाइल एप का उपयोग करने के मामले में प्रयागराज मंडल में कानपुर सेंट्रल अव्वल है। यहां 320018 यात्रियों ने इस एप के माध्यम से टिकट ली। इससे रेलवे को 73.82 लाख रुपये का राजस्व मिला। प्रयागराज जंक्शन पर 175507 यात्रियों ने उपयोग किया। इससे रेलवे को 40.48 लाख रुपये एवं अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 142698 यात्रियों ने इसका उपयोग किया। इससे रेलवे को 32.96 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ।