गुजरात में महिला मरीजों के चेकअप का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बेचने व अपलोड करने में गिरफ्तार मांडा निवासी चंद्रप्रकाश फूलचंद बेहद शातिर निकला। पुलिस को चकमा देने के लिए वह अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलोड करने को घर से दो किमी दूर पहाड़ी पर चला जाता था।
माना जा रहा है कि ऐसा करने के पीछे उसका मकसद लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा देना था। हालांकि, सर्विलांस के आगे उसकी चालाकी धरी रह गई। सूत्रों का कहना है कि 19 फरवरी को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की चार सदस्यीय टीम सुबह ही मांडा के भारतगंज इलाके में पहुंच गई। टीम ने यहां पहुंचकर स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और बताया कि वह यहां पर एक युवक की तलाश में आई है। टीम करीब दो-तीन घंटे तक इधर-उधर टोह लेती रही।
एक चाय की दुकान पर भी काफी देर बैठी रही। इस दौरान सर्विलांस से उसकी लोकेशन ट्रेस की जाती रही। फिर अचानक टीम अहमदाबाद पुलिस की सरकारी गाड़ी से भीसी गांव से करीब दो किमी दूर स्थित बंगलिया पहाड़ी पर पहुंच गई। जहां बूढ़ेनाथ शिवमंदिर से उन्हें यूट्यूबर मिल गया। कुछ देर बातचीत करने के बाद टीम ने उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया और फिर उसे लेकर निकल गई।