परीक्षा के बाद ओएमआर शीट पर लिखना होगा कितने प्रश्न हल किए
यूपीटीईटी में हेराफेरी रोकने के लिए सचिव परीक्षा नियामक की ओर से नई व्यवस्था
सचिव ने परीक्षार्थियों से कहा नियमों का पालन नहीं करने पर परीक्षा से वंचित होंगे
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) की ओएमआर शीट में अब कोई हेराफेरी नहीं की जा सकेगी। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से इस बार की परीक्षा में नई व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों को पेपर हल करने के बाद ओएमआर शीट पर लिखना होगा कि उन्होंने परीक्षा में कितने सवाल हल किए हैं। हल सवालों की संख्या अंकों और शब्दों में लिखनी होगी।
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर शिक्षक पात्रता परीक्षा 22 दिसंबर को दो पालियों में होगी। परीक्षार्थियों को जारी प्रवेशपत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि परीक्षा पूरी करने के बाद ओएमआर शीट पर शब्दों और अंकों में हल किए गए प्रश्नों की संख्या का उल्लेख करना होगा। सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी की ओर से इस संबंध में बृहस्पतिवार को विज्ञप्ति जारी करके निर्देश दिया गया है। कहा गया है कि परीक्षार्थी ऑनलाइन प्रवेशपत्र पर अंकित दिशा निर्देशों का अच्छे से अध्ययन कर लें। प्रवेशपत्र पर दिए गए नियमों का पालन नहीं करने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा में साथ रखें मूल फोटो पहचान एवं अंकपत्र
अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले कक्ष में अपना स्थान ग्रहण कर लें। परीक्षा शुरू होेने के बाद केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी को प्रवेशपत्र के साथ अपने ऑनलाइन आवेदन में अंकित फोटो युक्त पहचानपत्र की मूल प्रति तथा प्रशिक्षण योग्यता का प्रमाणपत्र अथवा सेमेस्टर परीक्षा के अंकपत्र की मूल प्रति अथवा संबंधित प्रशिक्षण संस्थान के रजिस्ट्रार, सक्षम अधिकारी की ओर से इंटरनेट से प्राप्त अंकपत्र की प्रमाणित प्रति साथ लाना अनिवार्य है। इसके बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, फोटो युक्त पहचान पत्र, प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, अंकपत्र, काले बाल प्वाइंट पेन के अलावा किसी प्रकार की सामग्री, इलेक्ट्रानिक उपकरण, मोबाइल फोन आदि रखने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी कक्ष निरीक्षक को ओएमआर शीट एवं एक कार्बन कॉपी जमा करने के बाद कक्ष निरीक्षक की अनुमति से ही बाहर निकल सकेंगे। परीक्षार्थी एक कार्बन कॉपी अपने साथ ले जा सकेंगे।
बहुविकल्पीय प्रश्न के उत्तर के लिए ओएमआर शीट पर निर्धारित कॉलम में दिए गए गोले को काले बाल प्वाइंट से काला करें। दूसरे किसी रंग की स्याही के पेन का प्रयोग न करें।
गणित में कांसेप्ट से जुड़े सवालों को हल करें
यूपीटीईटी के लिए कठिन सवालों में न उलझें परीक्षार्थी
प्रयागराज। यूपीटीईटी में शामिल हो रहे परीक्षार्थी इस समय दिन रात तैयारी में जुटे हैं। अमर उजाला की ओर से 22 दिसंबर को प्रस्तावित यूपीटीईटी प्रतियोगियों के लिए विशेषज्ञों के परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव एवं टिप्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षार्थी टीईटी प्रश्नपत्र को हल करने के दौरान टाइम मैनेजमेंट का विशेष ध्यान रखें। टीईटी का सबसे महत्वपूर्ण भाग गणित है।
गणित के विशेषज्ञ संजय सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों को अंतिम समय में अवधारणा (कांसेप्ट) से जुड़े प्रश्नों को हल करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। परीक्षार्थी गणित के पाठ्यक्रम में शामिल सभी चैप्टर से सरल सवालों को हल करें, अधिक कठिन सवाल टीईटी में नहीं पूछे जाते। ऐसे में इसमें फंसकर समय जाया न करें।
गणित के सवाल हल करने के लिए टिप्स
0 परीक्षार्थियों को गणित के सवाल हल करते समय अवधारणा (कांसेप्ट) पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
0 परीक्षार्थी अंतिम समय में भिन्न एवं करणी से जुड़े सवाल देख लें
0 संख्या पद्घति के प्रश्नों को हल करने के लिए परीक्षार्थी इस समय मात्र सतही प्रश्नों को ही हल करें, बहुत गहराई में जाकर सवाल हल करने की जरूरत नहीं
0 परीक्षार्थी प्रश्नों सरलीकरण की संपूर्ण संक्रिया को देख लें, इससे कई प्रश्नों को हल करने में सुविधा होगी।
0 प्रतिशत एवं लाभ-हानि के प्रश्नों सरल प्रश्नों को हल करने का अच्छी तरह से अभ्यास कर लें
0 ज्यामिति में पूरक, संपूरक, तीनों कोणों का योग तथा दो समानांतर रेखाओं को काटने वाली तिर्यक रेखा पर आधारित प्रश्नों की विशेष तैयारी कर लें।
0 पाठ्यक्रम में शामिल क्षेत्रमिति से जुड़े प्रश्नों को हल करने के लिए उससे जुड़े सूत्रों को अच्छी तरह से तैयार कर लें।
0 सबसे महत्वपूर्ण टाइम मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान रखें।