उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2020 के लिए ऑनलाइन आवेदन 18 मई 2021 से शुरू होगा। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से 11 मई को यूपीटीईटी 2020 के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। 25 जुलाई परीक्षा की तिथि प्रस्तावित की गई है।
ऑनलाइन पंजीकरण 18 मई से शुरू होकर एक जून 2021 तक चलेगा। अभ्यर्थी यूपीटीईटी के लिए दो जून तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। भरे हुए आवेदन का प्रिंट लेने की अंतिम तिथि तीन जून तय की गई है। 20 अगस्त को परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
शासन के विशेष सचिव आरवी सिंह की ओर से महानिदेशक स्कूल शिक्षा को भेजे पत्र में कहा गया है कि सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से 25 जुलाई को प्रस्तावित परीक्षा तिथि के साथ संशोधित कार्यक्रम भेजा गया है। शासन की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि 25 जुलाई को शिक्षक पात्रता परीक्षा के बाद 20 अगस्त 2021 को परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
पत्र में कहा गया है कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी चार जून तक आवेदकों की संख्या संबंधित जिले के जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजकर उनसे केंद्र निर्धारण के लिए कहेंगे। जनपद स्तरीय समिति 15 जून तक केंद्रों का निर्धारण करेगी। जिला स्तरीय समिति 17 जून तक सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी को केंद्र निर्धारित करके इसकी सूची भेज देगी।