अतरसुइया थाने पर प्रदर्शन करते विहिप के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला।
अतरसुइया में गोवंश की हत्या पर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाना घेर लिया और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी जमाल को गिरफ्तार करने और दरोगा सहित दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने पर मामला शांत हुआ।
मामले में तीन पुलिसकर्मियों की भूमिका के प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं। खुल्दाबाद के गाड़ीवान टोला निवासी सुभाष यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनकी तीन गाय घर के सामने से चोरी हो गईं। रात 11 बजे दो गाय अतरसुइया के समदाबाद में मिलीं।
आरोप है कि तीसरी गाय के अवशेष रानीमंडी निवासी जमान मुस्तफा के घर पीछे मिले। उसने यहां तबेला बना रखा है। जिसका संचालन जमाल, उसके दो बेटे और अन्य परिवार वाले करते हैं। जानकारी मिलने पर विहिप गोरक्षा दल व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर दिया। माैके पर एसीपी अतरसुइया राजकुमार मीणा पहुंचे और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी जमाल को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। प्रदर्शन के दाैरान विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी, प्रांत उपाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, संगठन मंत्री अंशुमानजी, बजरंग दल संयोजक शुभम कुशवाहा समेत अन्य शामिल रहे।
दो दिन पहले स्थानांतरित हो चुकी हैं चौकी प्रभारी
डीसीपी नगर अभिषेक भारती ने बताया, तहरीर के आधार पर एक नामजद व अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी जमाल गिरफ्तार कर लिया गया है। रानीमंडी चौकी पर तैनात दरोगा लियाकत अली व सिपाही शहनवाज को लाइन हाजिर किया गया है। रानीमंडी चौकी प्रभारी रहीं अनीश फातिमा दो दिन पहले ही स्थानांतरित की गई हैं। उनकी और लाइन हाजिर किए गए दोनों पुलिस कर्मियों की भूमिका की जांच के आदेश दिए गए हैं।