फायरिंग मामले में एसपी कार्यालय पर हंगामा
दूसरे पक्ष से जुटे वकीलों ने की क्रॉस एफआईआर की मांग
कचहरी रोड पर जाम लगाने का भी किया प्रयास
प्रयागराज। कटरा में एक दिन पहले हुई मारपीट व फायरिंग के मामले को लेकर सोमवार को एसपी कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। दूसरे पक्ष से जुटे वकीलों ने क्रॉस एफआईआर की मांग को लेकर घेराव कर दिया। इसके बाद कार्यालय के बाहर आकर कचहरी रोड पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। बाद में किसी तरह वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सहयोग से उन्हें शांत कराया गया।
कटरा के कारपेंट्री चौराहे के पास रविवार दोपहर 12 बजे के करीब विवाद के बाद मारपीट व फायरिंग हुई थी। इसमें कारपेंटर मो. जुनैद, अधिवक्ता मो. दाऊद व छात्र बादल सिंह जख्मी हो गए थे। जुनैद के सिर व हाथ में डंडों और दाऊद व बादल छर्रे लगने से चोटिल हुए थे। इस मामले में दाऊद की तहरीर पर पार्षद के भाई अनूप यादव व मनीष तिवारी को नामजद करते हुए 10 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार को दूसरे पक्ष के समर्थन में दर्जनों वकील एसपी कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। उनका आरोप था कि पुलिस ने मामले में एकतरफा कार्रवाई की। साथ ही बेकसूर छात्रों को भी लॉज से भगा दिया। उनकी मांग थी कि इस मामले में दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी रिपोर्ट दर्ज की जाए।
सूचना मिली तो कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने वकीलों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए। इसी दौरान एसपी गंगापार नरेंद्र प्रताप सिंह कार्यालय से बाहर आए और वकीलों से बातचीत की। साथ ही आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जा रही है। किसी भी बेकसूर पर कार्रवाई नहीं होगी। इसके बाद अधिवक्ता बाहर निकल आए, लेकिन कचहरी रोड पर पोस्ट ऑफिस चौराहे के पास पहुंचकर वह फिर आक्रोशित हो उठे। साथ ही जाम लगाने की कोशिश की। मना करने पर कर्नलगंज पुलिस से उनकी तीखी नोंकझोंक भी हुई। बाद में वहां पहुंचे कुछ वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने साथियों को समझाया तब जाकर प्रदर्शनकारी वकील शांत हुए।
फायरिंग में शामिल एक आरोपी गिरफ्तार
प्रयागराज। उधर, कर्नलगंज पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी अजय मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से उसकी शिनाख्त हुई, जिसके बाद उसे पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने बताया कि फायरिंग अनूप के करीबी मनीष ने की थी। जो लॉज में केयरटेकर का काम देखता है। वह मूल रूप से प्रतापगढ़ के बाघराय का रहने वाला है और हत्या व गैंगस्टर में जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि नामजद मनीष व अनूप की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार अजय भी उसी लॉज में मनीष के साथ रहता था।