अब कंप्यूटर पर कराई जाएगी टंकण दक्षता परीक्षा
आयोग जल्द जारी करेगा परीक्षा तिथि, केंद्रों की सूचना
प्रयागराज। सरकारी दफ्तर से परंपरागत टाइप राइटर नदारद हुए तो उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने भी अपनी परीक्षाओं से भी टाइप राइटर को बाहर का रास्ता दिखा दिया। आयोग के इतिहास में पहली बार आरओ/एआरओ की टंकण दक्षता परीक्षा कंप्यूटर पर कराई जाएगी। इस बाबत परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि अभ्यर्थी कंप्यूटर पर टाइप करने का अभ्यास शुरू कर दें।
समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ)-2017 की प्रारंभिक परीक्षा पिछले साल आठ अप्रैल को आयोजित की गई थी। आरओ/एआरओ के 809 पदों पर हुई भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा में 15342 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। मुख्य परीक्षा इस साल फरवरी में हुई थी। समीक्षा अधिकारी का चयन सीधे लिखित परीक्षा के आधार पर होता है, जबकि सहायक समीक्षा अधिकारी के पद पर चयन के लिए मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को टंकण दक्षता परीक्षा भी देनी पड़ती है। टंकण परीक्षा अब तक परंपरागत टाइप राइटर पर होती रही है, लेकिन इस बार आयोग ने इसमें बड़ा बदलाव किया है।
सरकारी दफ्तरों में अब कंप्यूटर पर ही शतप्रतिशत काम होने लगे हैं। टंकण का काम भी कंप्यूटर पर ही होता है। यही वजह है कि आरओ/एआरओ-2017 के अभ्यर्थियों को इस बार टंकण दक्षता परीक्षा कंप्यूटर पर देनी होगी। पूर्व की व्यवस्था में एआरओ अभ्यर्थी अपने साथ टाइप राइटर लेकर परीक्षा देने आयोग में पहुंचते थे लेकिन इस बार कंप्यूटर पर परीक्षा होने के कारण आयोग इसके लिए अलग से केंद्र बनाएगा। टंकण दक्षता परीक्षा की तिथि और केंद्रों की सूचना बाद में विज्ञप्ति के माध्यम से जारी की जाएगी।