डायट प्रवक्ता सांख्यिकी के 71 पदों का रिजल्ट जारी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सोमवार को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, इसकी इकाइयों, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रवक्ता सांख्यिकी के 71 पदों का रिजल्ट घोषित कर दिया। हालांकि एससी वर्ग के दो और एसटी वर्ग के एक पद खाली रह गया। ऐसे में 68 पदों के लिए अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित घोषित किया गया।
सीधी भर्ती के अंतिम चयन परिणाम में राजीव कुमार ने टॉप किया है जबकि शशि दर्शन त्रिपाठी और ऋचा उपाध्याय मेरिट में क्रमश: दूसरे एवं तीसरे स्थान पर हैं। डायट में प्रवक्ता सांख्यिकी के 71 पदों में 35 पद अनारक्षित, 20 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 15 पद अनुसूचित जाति एवं एक पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित था। इन पदों पर सीधी भर्ती के लिए 14 एवं 15 अक्तूबर को साक्षात्कार आयोजित किया गया और छह दिन बाद अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया गया। अनुसूचित जाति के 15 पदों के सापेक्ष उपलब्ध 13 अभ्यर्थी का चयन किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति के एक पद के सापेक्ष कोई भी अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सका।