प्रवक्ता की जगह अब असिस्टेंट प्रोफेसर पदनाम से लिए जा रहे आवेदन
पूर्व में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी नए सिरे से करना होगा आवेदन
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों में प्रवक्ता के 425 पदों पर भर्ती के लिए 30 दिसंबर 2017 को जारी विज्ञापन निरस्त कर दिया है। यह निर्णय प्रवक्ता पद समाप्त हो जाने के कारण लिया गया है। प्रवक्ता को अब असिस्टेंट प्रोफेसर का पदनाम दिया गया है, जिसके लिए इन दिनों ऑनलाइन आवेदन चल रहा है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में प्रवक्ता पद के लिए आवेदन किया था, उन्हें अब नए सिरे से असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जिसकी अंतिम तिथि 26 सितंबर निर्धारित है।
आयोग ने 30 दिसंबर 2017 को राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रवक्ता के क्रमश: 265 पदों, 131 पदों और बैललॉग के 29 पदों यानी कुल 425 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। उत्तर प्रदेश राज्य चिकित्सा महाविद्यालय अध्यापकों की सेवा (पंचम संशोधन) नियमावली-2018 में प्रवक्ता के पद समाप्त हो चुके हैं। इसी के मद्देनजर शासन के अनुरोध पर आयोग ने 30 दिसंबर 2017 के विज्ञापन को निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही आयेाग के उप सचिव विनोद कुमार सिंह की ओर से विज्ञप्ति जारी कर अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है कि नवीन नियमावली में वर्णित शैक्षिक अर्हताओं, आयु, पदनाम के आधार पर संशोधित असिस्टेंट प्रोफेसर के 424 पदों का विज्ञापन आयोग जारी कर चुका है।
हालांकि, आयोग ने यह सूचना पहले ही दे देनी चाहिए थी, क्योंकि असिस्टेंट प्रोफेसर के नए पदनाम से 424 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 26 अगस्त से चल रही है। आवेदन सब्मिट करने की अंतिम तिथि 26 सितंबर और ऑनलाइन आवेदन शुल्क बैंक में जमा करने की अंतिम तिथि 23 सितंबर निर्धारित है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में प्रवक्ता पद के लिए आवेदन किया था, उनके पास नए सिरे से आवेदन करने का समय कम रह गया है। आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि पूर्व में जारी प्रवक्ता पद का विज्ञापन निरस्त होने के कारण उन पुराने अभ्यर्थियों को नए सिरे से आवेदन करना होगा।
प्रवक्ता गृह विज्ञान के 71 पदों का रिजल्ट घोषित
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, इसकी इकाइयों, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रवक्ता गृह विज्ञान के 71 पदों पर सीधी भर्ती का अंतिम चयन परिणाम बृहस्पतिवार को जारी कर दिया। इनमें 35 पद अनारक्षित, 20 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसचित जाति के 15 एवं अनुसूचित जनजाति का एक पद शामिल है।
श्रेष्ठताक्रम में जारी किए गए अंतिम चयन परिणाम की मेरिट में आंचल सिंह को पहला स्थान मिला है जबकि वर्तिका कुशवाहा दूसरे और रेनू सिंह तीसरे स्थान पर हैं। प्रवक्ता के 71 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 12 एवं 13 सितंबर को आयोजित किया गया था। आयोग के उप सचिव ओम प्रकाश मिश्र के अनुसार क्षैतिज आरक्षण के तहत भूतपूर्व सैनिक एवं दिव्यांग (दृष्टिबाधित एवं श्रवणहस) श्रेणी के लिए आरक्षित पद सापेक्ष कोई अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं है। पीएच (ओएल) और डीएफएफ श्रेणी के उपलब्ध अभ्यर्थियों का यथास्थान चयन किया गया। चयन परिणाम उच्च न्यायालय में विचाराधीन रिट याचिका कंचन लता बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन होगा।
कहां के रहने वाले हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहां के रहने वाले हैं और उनकी जन्मतिथि क्या है? पीसीएस-2017 के इंटरव्यू के चौथे दिन बृहस्पतिवार को एक अभ्यर्थी से यही सवाल पूछा गया। इंटरव्यू के दौरान अभ्यर्थियों से समसामयिक ज्वलंत मुद्दों से तमाम सवाल पूछे गए। इनमें जम्मू कश्मीर, अयोध्या से जुड़े कई सवाल शामिल रहे। एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि अनुच्छेद 370 क्या है तो एक अन्य अभ्यर्थी से जम्मू कश्मीर की वर्तमान स्थितियों के बारे में पूछा गया। इसके साथ ही एक अन्य अभ्यर्थी को लोअर हाउस और अपर हाउस में अंतर बताने को कहा गया तो दूसरे अभ्यर्थी से धारा 144 और 145 के बीच का अंतर पूछ लिया गया। एक सवाल यह भी था कि वह कौन सा राज्य है, जिसके चार जिलं दूसरे स्टेट से जुड़े हुए हैं लेकिन, वहां हेलीकॉप्टर के माध्यम से आवागमन होता है। एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि अयोध्या विवाद में क्या-क्या साक्ष्य मिले हैं और अभी हाल में सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या मामले में क्या आदेश जारी किया है।