प्रयागराज। अवर अभियंता (जेई) भर्ती परीक्षा-2013 का अंतिम चयन परिणाम फिलहाल इस साल आ पाना मुश्किल है। तीन साल से इस भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम फंसा हुआ है। अगर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) जल्द ही इसका रिजल्ट जारी कर देता है तो इसके बाद दस हजार अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कराना होगा और इसमें काफी वक्त लगेगा।
उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा के तहत अवर अभियंता के 3222 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा वर्ष 2016 में आयोजित की गई थी। परीक्षा के आयोजन को तीन साल से अधिक समय बीत चुका है और आयोग अब तक इसका रिजल्ट घोषित नहीं कर सका है जबकि इसकी के साथ ही सहायक अभियंता भर्ती परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम भी आ चुका है। जेई भर्ती के अभ्यर्थी रिजल्ट के लिए बार-बार आयोग का दरवाजा खटखटा रहे हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रभात कुमार ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया था कि परिणाम 15 अगस्त तक जारी किए जाने का प्रयास होाग।
आयोग के सूत्रों का कहना है कि कॉपियां जांचे जाने का काम चल रहा है लेकिन, 15 अगस्त तक लिखित परीक्षा का परिणाम आ पाना मुश्किल होगा। कुल 3222 पदों पर भर्ती होनी है और इंटरव्यू में एक पद के मुकाबले तीन अभ्यर्थियों को बुलाया जाता है। इस हिसाब से लिखित परीक्षा का रिजल्ट देने के बाद आयोग को दस हजार अभ्यर्थियों का साक्षात्कार करना होगा। अभ्यर्थियों की संख्या इतनी अधिक होगी कि साक्षात्कार कराने में कम से कम साढ़े तीन माह का समय लगेगा। ऐसे में जेई भर्ती के अभ्यर्थियों को अंतिम चयन परिणाम के लिए अगले साल तक इंतजार करना पड़ सकता है।