फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPPSC Recruitment: एई भर्ती में पहली बार प्रारंभिक परीक्षा, ऑनलाइन आवेदन शुरू; जानें कितने भरे जाएंगे पद

Tue, 17 Dec 2024 08:04 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज

सार

प्रारंभिक परीक्षा अभ्यर्थियों की छंटनी के लिए होगी, जिसमें निगेटिव मार्किंग भी होगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा में सफल होने के बाद उन्हें इंटरव्यू में सम्मिलित होने का मौका मिलेगा।
विज्ञापन
यूपीपीएससी, UPPSC - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने नौ विभागों में सहायक अभियंता (एई) के 604 पदों पर भर्ती के लिए मंगलवार को उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा (सामान्य/विशेष चयन) परीक्षा-2024 का विज्ञापन जारी कर दिया। साथ ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एई भर्ती प्रक्रिया में पहली बार प्रारंभिक परीक्षा को भी शामिल किया गया है।

विज्ञापन

प्रारंभिक परीक्षा अभ्यर्थियों की छंटनी के लिए होगी, जिसमें निगेटिव मार्किंग भी होगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा में सफल होने के बाद उन्हें इंटरव्यू में सम्मिलित होने का मौका मिलेगा। मुख्य परीक्षा व इंटरव्यू में मिले अंकों के आधार पर अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जाएगा। इससे पूर्व केवल एक लिखित परीक्षा होती थी। उसमें सफल अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल होते थे।

आयोग की ओर से किए गए इस महत्वपूर्ण बदलाव के बाद अभ्यर्थियों के बीच स्पर्धा बढ़ेगी। इससे पूर्व आयोग ने वर्ष 2021 में एई के 283 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। तब 92787 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। इस बार पदों की संख्या दोगुने से अधिक है। वहीं, अभ्यर्थियों की संख्या भी दो लाख से ऊपर जाने की उम्मीद है।
इस बार आयोग ने जिन 604 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है, उनमें सामान्य चयन के 582 और विशेष चयन (ओबीसी/एसटी) के 22 पद शामिल हैं। सामान्य चयन के 582 पदों में 258 पद अनारक्षित हैं। जबकि, 116 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 148 पद अनुसूचित जाति, नौ पद अनुसूचित जनजाति व 51 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।

आयोग ने ऑनलाइन परीक्षा शुल्क बैंक में जमा किए जाने व ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाने की अंतिम तिथि 17 जनवरी निर्धारित की है। आवेदन में सुधार और शुल्क समाधान की अंतिम तिथि 24 जनवरी है। भर्ती के लिए निर्धारित पदों की संख्या की संख्या परिस्थितियों और आवश्यकता के अनुसार घट या बढ़ सकती है।

पदों का विवरण
(सामान्य चयन के पद)
-लोक निर्माण विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के 226 पद
-सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता (यांत्रिक) के 77 पद
-उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) में सहायक अभियंता (सिविल) के 107 व सहायक अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) के 14 पद
-ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के 65 पद
-आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) 40 व सहायक अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) आठ पद
-कृषि विभाग में यूपी एग्रीकल्चर ग्रुप-बी ग्रेड-2 (अभियंत्रण शाखा) के 12 पद
-ऊर्जा विभाग में सहायक निदेशक (विद्युत) के सात पद
-सिंचाई एवं जल संसाधन निदेशालय में सहायक अभियंता (सिविल) के 20 पद
-चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के छह पद 
(विशेष चयन के पद)
सिंचाई एवं जल संसाधन निदेशालय में सहायक अभियंता सिविल (ओबीसी/एसटी) के 22 पद

(परीक्षा योजना)
तीन सौ अंकों की होगी प्रारंभिक परीक्षा

प्रारंभिक परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रकार के 150 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए दो घंटे का वक्त मिलेगा। प्रत्येक प्रश्न दो अंकों का होगा और परीक्षा कुल 300 अंकों की होगी। 150 प्रश्नों में सामान्य ज्ञान के 25, सामान्य हिंदी के 25 व इंजीनियरिंग एप्टीट्यूड के 100 प्रश्न होंगे।

750 अंकों की मुख्य परीक्षा, होंगे दो प्रश्नपत्र
मुख्य परीक्षा 750 अंकों की होगी, जिसमें 375-375 अंकों के दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों प्रश्नपत्रों को हल करने के लिए ढाई-ढाई घंटे का वक्त मिलेगा। मुख्य परीक्षा में भी वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्नपत्र में 125 सवाल होंगे। प्रथम प्रश्नपत्र में सामान्य हिंदी के 25 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न के लिए तीन अंक यानी कुल 75 अंक और मुख्य विषय (सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, विद्युत व कृषि इंजीनियरिंग) से 100 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न के लिए तीन अंक यानी कुल 300 अंक निर्धारित होंगे। इसी प्रकार द्वितीय प्रश्नपत्र में तीन-तीन अंक के सामान्य अध्ययन के 25 प्रश्न व तीन-तीन अंक के मुख्य विषय के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे।
विज्ञापन

सौ अंकों का होगा इंटरव्यू
मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल होंगे, जो 100 अंकों का होगा। मुख्य परीक्षा व इंटरव्यू के कुल 850 अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें