एपीओ की प्रारंभिक परीक्षा दो घंटे की होगी और प्रश्नपत्र 150 अंकों का होगा। इनमें 50 सवाल सामान्य अध्ययन से पूछे जाएंगे, जिनमें आठ सवाल सामान्य विज्ञान, 10 सवाल राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय महत्व के समसामयिक घटनाक्रम से जुड़े होंगे। इसके अलावा आठ सवाल भारतीय इतिहास, आठ सवाल भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, आठ सवाल भारतीय राजनीति एवं अर्थव्यवस्था और आठ सवाल विश्व भूगोल एवं जनसंख्या से संबंधित होंगे। इसके अलावा 100 सवाल ऐक्ट एवं लॉ के होंगे।
इनमें 35 सवाल इंडियन पीनल कोड, 25 सवाल इंडियन एविडेंस ऐक्ट, 25 सवाल क्रिमिनल प्रोसीजर कोड और 15 सवाल यूपी पुलिस ऐक्ट एंड रेग्युलेशन से पूछे जाएंगे। इसके अलावा मुख्य परीक्षा 400 अंकों और इंटरव्यू 50 अंकों का होगा। मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर मेरिट बनेगी। मुख्य यानी लिखित परीक्षा में 100 अंकों की सामान्य अध्ययन, 100 अंकों की सामान्य हिंदी (प्रश्नपत्र हाईस्कूल स्तर का होगा), 100 अंकों की क्रिमिनल लॉ एंड प्रोसीजर (पुलिस ऐक्ट एंड रेग्युलेशन सहित लॉ डिग्री स्तर का) और 100 अंकों की लॉ ऑफ एविडेंस (जिसमें डायरेक्ट एवं एप्लाइड प्रश्न शामिल होंगे लॉ डिग्री स्तर के) की परीक्षा होगी।
आवेदन में संशोधन का भी मौका
परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को संशोधन का मौका भी मिलेगा। संशोधन का एक मौका ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तक मिलेगा। हालांकि कुछ गलतियां होने की स्थिति में आवेदन में संशोधन का मौका नहीं दिया जाएगा और अभ्यर्थियों को निर्धारित शुल्क के साथ नया आवेदन करना होगा। पूर्व में जमा किया गया शुल्क किसी भी दशा में वापस नहीं होगा। किन मामलों में संशोधन होगा और किन मामलों में नहीं, इसकी जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जारी विस्तृत विज्ञापन में उपलब्ध है।