एक तरफ जांच और दूसरी ओर चलता रहा पीसीएस का इंटरव्यू
जांच के दौरान तमाम परीक्षाओं से संबंधित मांगी गईं नई सूचनाएं
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में सीबीआई की टीम रविवार के साप्ताहिक अवकाश के दिन भी जांच में जुटी रही, वहीं, दूसरी ओर आयोग में पीसीएस-2017 का इंटरव्यू भी चलता रहा। इस दौरान सीबीआई टीम ने पुरानी परीक्षाओं से जुड़े तमाम दस्तावेज भी खंगाले।
सीबीआई की टीम अचानक पिछले चार दिनों से सक्रिय हो गई है। गोविंदपुर स्थित सीबीआई के कैंप कार्यालय में भी हलचल बढ़ गई है। रविवार के साप्ताहिक अवकाश के दिन भी सीबीआई की टीम दिनभर आयोग में डटी रही। सूत्रों का कहना है कि सीबीआई ने पीसीएस-2015, एपीएस-2010 एवं अन्य परीक्षाओं की जांच को आगे बढ़ाते हुए आयोग के अफसरों से तमाम नई सूचनाएं मांगी हैं। रविवार को आयोग में कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं से जुड़े दस्तावेज खंगाले गए।
सूत्रों के मुताबिक टीम कई दस्तावेज अपने साथ कैंप कार्यालय ले गई है और वहां भी तमाम परीक्षाओं से जुड़े अभिलेखों की जांच-पड़ताल तेज कर दी गई है। सीबीआई की टीम कुछ लोगों से पूछताछ भी कर सकती है। उधर, आयोग में रविवार के साप्ताहिक अवकाश पर पीसीएस-2017 का इंटरव्यू भी चलता रहा। ऐसे में इंटरव्यू देने पहुंचे अभ्यर्थियों के बीच आयोग में सीबीआई टीम की उपस्थिति चर्चा का विषय रही। आयोग में यह भी चर्चा है कि अगले तीन-चार दिनों तक सीबीआई की टीम आयोग में कई दूसरे दस्तावेजों की भी जांच-पड़ताल कर सकती है।