बढ़ सकती है पदों की संख्या
प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने तक आयोग को जितने रिक्त पदों के अधियाचन प्राप्त होते हैं, आयोग उन पदों को संबंधित भर्ती में शामिल कर लेता है। पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2025 में अभी पांच माह बाकी हैं। ऐसे में पदों की संख्या बढ़ने के पूरे आसार हैं।
पीसीएस-2024 में बढ़े थे 727 पद
आयोग ने पीसीएस-2024 के तहत एक जनवरी, 2024 को 220 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। प्रारंभिक परीक्षा 17 मार्च, 2024 को प्रस्तावित थी। कई बार टलने के बाद 22 दिसंबर, 2024 को प्रारंभिक परीक्षा हुई और जब आयोग ने परिणाम जारी किया, तब आयोग को 727 नए रिक्त पदों का अधियाचन मिल चुका था। पीसीएस-2024 के तहत अब 947 पदों पर भर्ती होनी है, जिसकी मुख्य परीक्षा 29 जून से प्रस्तावित है।
पीसीएस-2021 व 2023 में भी बढ़े थे पद
आयोग ने पीसीएस-2021 के तहत 400 पदों का विज्ञापन जारी किया था लेकिन प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने तक पदों की संख्या बढ़कर 538 हो गई थी। वहीं, पीसीएस-2023 के तहत 173 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था और बाद में पदों की संख्या बढ़कर 254 हो गई थी।