एक माह के भीतर आयोग ने तीन भर्तियां शुरू की हैं और इन सभी भर्तियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी चल रही है। इनमें दो सीधी भर्तियां हैं। वहीं, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों में प्रवक्ता के 124 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जिसके लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। यह भर्ती प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के जरिये पूरी की जाएगी। इस भर्ती का विज्ञापन 18 जून को जारी किया और यह आयोग के कैलेंडर में शामिल नहीं है।
लॉकडाउन के बाद आयोग ने पहली सीधी भर्ती का विज्ञापन 28 मई को जारी किया, जिसमें 3620 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं और इनमें से 600 पद बाल रोग विशेषज्ञों के हैं। इसके बाद आयोग ने चार जून को दूसरी सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी किया, जिसके तहत विभिन्न विभागों में 130 पदों पर भर्ती होनी है। इसमें चिकित्सा शिक्षा विभाग (एलोपैथी) में विभिन्न विशिष्टता वाले असिस्टेंट प्रोफेसर के सर्वाधिक 102 पद हैं और बाकी 28 पद अन्य विभागों के हैं। खास यह कि चिकित्सा शिक्षा विभाग में सर्वाधिक 48 पद बाल रोग विशेषज्ञों के हैं।