यूपीएचईएससी ने पांच पदों के लिए अंतिम रूप से किया चयन
आज घोषित हो सकता है वनस्पति विज्ञान का चयन परिणाम
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने बृहस्पतिवार को असिस्टेंट प्रोफेसर कृषि अभियंत्रण के पांच पदों का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। आयोग शुक्रवार को वनस्पति विज्ञान का रिजल्ट जारी कर सकता है।
अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती के लिए आयोग में दूसरे चरण का साक्षात्कार 23 सितंबर से चल रहा है। बृहस्पतिवार को तीन विषयों अंग्रेजी, भूगोल और कृषि अभियंत्रण विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार था। इसके लिए अंग्रेजी के 48, भूगोल के 25 और कृषि अभियंत्रण के 25 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
अंग्रेजी और भूगोल का साक्षात्कार अभी जारी रहेगा जबकि कषि अभियंत्रण का इंटरव्यू एक दिन ही होना था। असिस्टेंट प्रोफेसर कृषि अभियंत्रण के इंटरव्यू में 17 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इंटरव्यू के बाद देर शाम आयोग ने पांच पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। सभी पांचों पद सामान्य वर्ग के हैं।