आधे से अधिक पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार की तिथि घोषित होने का इंतजार
अशासकीय कॉलेजो में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 1150 पदों पर होनी है भर्ती
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) की ओर से विज्ञापन संख्या-47 के तहत आयोजित की जा रही असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के अब अगले साल ही पूरी होने की उम्मीद है। आयोग 24 अक्तूबर तक के इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी कर चुका है, लेकिन चार सबसे प्रमुख विषयों की इंटरव्यू तिथि अब तक घोषित नहीं हुई है। इसके अलावा आयोग ने कुछ इंटरव्यू स्थगित किए गए हैं, जिनका आयोजन बाद में किया जाएगा।
प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। आयोग की ओर से तीन चरणों में 31 विषयों के साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी किया जा चुका है। पहले चरण में हुए 14 विषयों के इंटरव्यू के बाद अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जा चुका है। दूसरे चरण में तीन विषयों के दो दिन का साक्षात्कार स्थगित कर दिया गया था। आयोग स्थगित किए गए इंटरव्यू की नई तिथि जारी कर चुका है। इसके अलावा तीसरे चरण में भी दो दिन के इंटरव्यू स्थगित किए गए हैं, जो अब नवंबर में कराए जाएंगे।
हालांकि, आयोग ने अब तक उन चार विषयों के साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी नहीं किया है, जिनमें असिस्टेंट प्रोफेसर के आधे से अधिक पद शामिल हैं और सबसे अधिक अभ्यर्थी भी इन्हीं विषयों के हैं। हिंदी विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के 166, शिक्षाशास्त्र में 100, समाजशास्त्र में 273 और राजनीति विज्ञान में असिस्टेंट प्रोफेसर के 121 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू की तिथि घोषत होने का इंतजार है। इन चार विषयों में कुल 660 पद भर्ती के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी करने में कम से कम दो माह लगेंगे। ऐसे में विज्ञापन संख्या 47 की भर्ती प्रक्रिया अब साल ही पूरी जा सकेगी।