uphesc is preparing file of selected candidates of assistant professor
-समाजशास्त्र विषय में 273 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति का इंतजार
-काउंसलिंग के लिए एक सप्ताह में निदेशालय को भेजी जा सकती हैं फाइलें
प्रयागराज। प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर समाजशास्त्र के चयनित अभ्यर्थियों को जल्द ही नियुक्ति मिलेगी। अंतिम चयन परिणाम जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग में चयनित अभ्यर्थियों की फाइलें तैयार की जा रही हैं। एक सप्ताह में फाइलें उच्च शिक्षा निदेशालय को भेजने की तैयारी है और इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराकर उन्हें नियुक्ति दी जाएगी।
विज्ञापन संख्या 47 के तहत प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें से 33 विषयों का परिणाम जारी किया जा चुका है। 31 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति भी मिल चुकी है और दो विषयों हिंदी एवं राजनीति विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों की काउसंलिंग पूरी कराई जा चुकी है और उनकी नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। अब केवल समाजशास्त्र और शिक्षाशस्त्र विषय के अभ्यर्थियों को नियुक्ति का इंतजार है।
शिक्षाशास्त्र का रिजल्ट बंद लिफाफे में सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाना है, जबकि असिस्टेंट प्रोफेसर समाजशास्त्र के 273 पदों का अंतिम चयन परिणाम उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग 25 जून को जारी कर चुका है। लेकिन, चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग तभी शुरू होगी, जब आयोग इन अभ्यर्थियों की फाइलें उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज देगा। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग में समाजशास्त्र के चयनित अभ्यर्थियों की फाइलें तैयार की जा रही हैं। सबकुछ ठीक रहा तो एक सप्ताह में फाइलें उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज दी जाएंगी। आयोग की सचिव वंदना त्रिपाठी का कहना है कि समाजशास्त्र विषय में अभ्यर्थियों की संख्या काफी अधिक है और प्रत्येक अभ्यर्थी की अलग से फाइल तैयार की जा रही है। इसी वजह से इसमें थोड़ वक्त लग रहा है। जल्द ही फाइलें निदेशालय को भेज दी जाएंगी।