प्रयागराज। प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों की नौकरी पर संकट मंडरा रहा है। इन अभ्यर्थियों को विज्ञापन संख्या-46 के तहत हुई परीक्षा की प्रतीक्षा सूची में शामिल किया गया था। अगर काउंसलिंग से पहले विज्ञापन संख्या-47 का अंतिम परिणाम आ जाता है तो प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों के लिए मौका समाप्त हो जाएगा। अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को उच्च शिक्षा निदेशालय में धरना-प्रदर्शन किया और कार्यवाहक उच्च शिक्षा निदेशक से मिलकर काउंसलिंग कराने की मांग की।
विज्ञापन संख्या-46 के तहत हुई असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में जिन चयनित अभ्यर्थियों ने ज्वाइन नहीं किया है, उनके पद रिक्त रह गए हैं। इन रिक्त पदों पर प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों की नियुक्ति होनी है। प्रतीक्षा सूची में कुल पदों की संख्या के 25 फीसदी के बराबर अभ्यर्थियों को शामिल किए जाने का प्रावधान है। ज्वाइन न करने वाले अभ्यर्थियों को दो बार अतिरिक्त अवसर भी दिया जा चुका है लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया। इस बीच विज्ञापन संख्या-47 की लिखित परीक्षा का रिजल्ट भी आ गया और जल्द ही इंटरव्यू का कार्यक्रम घोषित होने जा रहा है।
नियम के तहत अगर विज्ञापन संख्या-47 का अंतिम रिजल्ट आ जाता है तो विज्ञापन संख्या-46 की मेरिट लिस्ट स्वत: समाप्त हो जाएगी। विज्ञापन संख्या-46 के तहत प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग में हो रही देरी से अभ्यर्थी परेशान हैं। उन्हें अब अपनी नौकरी पर संकट मंडराता नजर आ रहा है। कुल 25 विषय हैं, जिनमें तकरीबन 200 अभ्यर्थियों की नियुक्ति होनी है। अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को उच्च शिक्षा निदेशालय में धरना-प्रदर्शन किया। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. डीपी शाही ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी। इस दौरान सौरभ पांडेय, विनय, अभिषेक, संजय आदि मौजूद रहे।