उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा शुक्रवार को दूसरे दिन संपन्न हुई। दो दिवसीय परीक्षा प्रदेश के छह शहरों में कुल चार पालियों में कराई गई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा में सवाल बहुत ही बड़े व घुमावदार पूछे गए थे।
सवाल को समझने में ही ज्यादा समय लग गया। कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि सवाल बड़े होने के चलते कुछ प्रश्न छूट भी गए हैं। ऐसे सवाल थे जिसे घुमाकर पूछा गया था। वहीं आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की ओर से बताया गया है कि अंतिम दिन 82 फीसदी से अधिक अभ्यर्थी उपस्थित रहे। दो दिनों के लिए कुल 1,27,571 अभ्यर्थियों में से 1,03,393 (81.04 फीसदी) परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रथम पाली में हिंदी, राजनीतिक शास्त्र और मनोविज्ञान व अन्य विषय की परीक्षा हुई। द्वितीय पाली में समाज शास्त्र, रसायन विज्ञान और अंग्रेजी की परीक्षा संपन्न कराई गई।
दूसरे दिन की उपस्थिति के आंकड़े
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को कुल 52,399 (82.51 फीसदी) परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। प्रथम पाली में 31,828 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 26,994 (84.81 फीसदी) उपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 31,677 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 25,405 (80.20 फीसदी) उपस्थित हुए। महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 24,523 (81.59 फीसदी) और पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 27,876 (83.34 फीसदी) दर्ज की गई।