उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) का परिणाम 29 मार्च को घोषित होगा। रिजल्ट तैयार करने की तैयारी अंतिम चरण में है। सर्टिफिकेट 15 दिन बाद संबंधित डायट से मिलेगा। इस परीक्षा के लिए तकरीबन साढ़े नौ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
इस परीक्षा में शामिल 50 हजार अभ्यर्थी पहले ही बाहर हो चुके हैं। वे ओएमआर शीट (उत्तर पुस्तिका) ही सही ढंग से नहीं भर पाए थे। ज्यादातर ने अनुक्रमांक के स्थान पर सीरीज संख्या भर दी है। इतना ही नहीं ज्यादातर अभ्यर्थी विषय कोड सहित अन्य जरूरी जानकारी भी ओएमआर शीट में नहीं भर सके। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इनके ओएमआर शीट का मूल्यांकन नहीं हो पाएगा।
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी के रजिस्ट्रार नवल किशोर ने बताया कि 29 मार्च को रिजल्ट घोषित होगा। सोमवार तक रिजल्ट तैयार कर इसकी अन्य प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि परिणाम घोषित होने के 15 दिन बाद अभ्यर्थी संबंधित डायट से सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि यदि किसी के सर्टिफिकेट में कोई गड़बड़ी है तो अभ्यर्थी उसमें सुधार के लिए डायट के माध्यम से भेजें। इसके लिए भी सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय पहुंचने की जरूरत नहीं है।