दरोगा भर्ती : विद्या वाहिनी मैदान में उमड़ा सैलाब, बसें फुल
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर संगम नगरी में परीक्षार्थियों का रेला उमड़ पड़ा है। शुक्रवार को परीक्षा के लिए दूसरे जिलों की ओर कूच करने वाले अभ्यर्थियों के कारण शहर के बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। खासकर विद्या वाहिनी मैदान पर बनाए गए अस्थायी बस स्टेशन पर शाम होते ही गहमागहमी इस कदर बढ़ी कि व्यवस्थाएं छोटी पड़ गईं।
प्रयागराज से जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर जाने वालीं बसों में चढ़ने के लिए अभ्यर्थियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। कानपुर, अयोध्या और लखनऊ रूट की बसों का भी यही हाल रहा। बसें स्टैंड पर ही ठसाठस भर जा रही थीं।
ट्रेनों का हाल भी बसों से जुदा नहीं रहा। प्रयागराज जंक्शन और आसपास के छोटे स्टेशनों पर दूसरे जिलों से आए परीक्षार्थियों ने डेरा जमा लिया है। प्लेटफॉर्म से लेकर वेटिंग हॉल तक अभ्यर्थी अपनी किताबों और बैग के साथ लेटे नजर आए। डग्गामार वाहन संचालकों ने इसका फायदा उठाया और लोगों से मनमाना किराया वसूला।
वहीं, रोडवेज अफसरों का कहना है कि शुक्रवार की शाम से ही तमाम रूटों पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगने शुरू हो गए थे। रेलवे ने परीक्षा को लेकर प्रयागराज, कानपुर व अलीगढ़ में स्पेशल ट्रेनों के रेक रिजर्व में रखे हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा सके। एडीआरएम दीपक कुमार ने शुक्रवार को तैयारियों का जायजा भी लिया। शनिवार को छपरा से रामबाग के लिए एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी।