छात्रवृत्ति के लिए अब भी 50 फीसदी से कम आवेदन
प्रयागराज। केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना का लाभ अभी 50 फीसदी छात्र-छात्राओं तक भी नहीं पहुंचा है। आखिरी तारीख 15 अक्तूबर है लेकिन अभी तक लक्ष्य से काफी कम आवेदन पहुंचे हैं। जिले में अभी सिर्फ 353 शिक्षण संस्थानों ने मास्टर डाटा का पंजीकरण कराया है। इस योजना में पहली से 10 तक के 10540 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विपरीत अभी तक मात्र 4884 विद्यार्थियों के आवेदन पहुंचे हैं। इसके अलावा पहले से छात्रवृत्ति पा रहे 8306 विद्यार्थियों के नवीनीकरण का भी लक्ष्य रखा गया है। इनमें भी मात्र 4337 के आवेदन पहुंचे हैं। 11वीं से पीएचडी तक के 1757 विद्यार्थियों को छात्रवृति देने का लक्ष्य तय किया गया है लेकिन अभी 824 आवेदन पहुंचे हैं। वहीं नवीनीकरण के लिए 1316 के सापेक्ष मात्र 337 ने आवेदन किया है। मेरिट-कम-मीन्स योजना के अंतर्गत व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई करने वाले 211 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का लक्ष्य निर्धारित है लेकिन 69 आवेदन ही पहुंचे हैं। वहीं नवीनीकरण के लिए 177 के सापेक्ष मात्र 50 ने आवेदन किया है। जिला अल्संख्यक कल्याण अधिकारी शिव प्रकाश तिवारी ने बताया कि संस्थानों को एक बार फिर चेतावनी दी गई है कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर 15 अक्तूबर तक आवेदन कर दें। अन्यथा, विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि आगामी परीक्षा तथा छात्रवृत्ति के संबंध में मदरसा संचालकों की 30 सितंबर को बैठक बुलाई गई है। दिन में तीन बजे प्रस्तावित बैठक में मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल एवं फाजिल परीक्षा को लेकर चर्चा होगी।
000