यूपी रोडवेज के प्रयागराज रीजन में चालकों की कमी हो गई है। प्रयागराज रीजन के नौ डिपो में तकरीबन 250 चालकों की जरूरत है। इस कमी को पूरा करने के लिए रोडवेज की ओर से एक बार फिर से रोजगार मेला लगाया जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार भर्ती मेला प्रयागराज रीजन के सभी नौ डिपो में लगेगा। 25 से 29 अगस्त से बीच यह मेला 13 स्थानों पर लगेगा।
प्रयागराज रीजन में बीते तीन माह में छह बार रोजगार मेला आयोजित किया जा चुका है। संविदा पर चालकों की भर्ती के लिए लगाए जा रहे रोजगार मेला में पर्याप्त संख्या में अभ्यर्थी शामिल न होने से रोडवेज में चालकों की कमी का संकट गहराता जा रहा है। इसी वजह से अब रोडवेज प्रशासन जीरोरोड, लीडररोड, मंझनपुर, प्रयाग, सिविल लाइंस, बादशाहपुर, प्रतापगढ़, लालगंज व मिर्जापुर डिपो के लिए अलग-अलग 13 स्थानों पर भर्ती मेला आयोजित करने जा रहा है।
संविदा चालक में भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा आठ पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 23 वर्ष छह माह एवं अधिकतम आयु 58 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र सिंह ने बताया कि पहला टेस्ट पास करने वाले को दूसरे के लिए कानपुर भेजा जाएगा।
यहां होगा भर्ती मेला
डिपो का नाम : स्थान
- जीरोरोड डिपो : जारी - 25 अगस्त, मेजारोड - 26 अगस्त
- लीडररोड-मंझनपुर डिपो : सराय अकिल- 26 अगस्त, मंझनपुर - 27 अगस्त
- प्रयाग डिपो : कुंडा - 27 अगस्त
- सिविल लाइंस डिपो : झूंसी कार्यशाला - 27 अगस्त, फूलपुर- 28 अगस्त
- बादशाहपुर डिपो : बादशाहपुर-29 अगस्त
- प्रतापगढ़ डिपो : पट्टी- 28 अगस्त, प्रतापगढ़ - 29 अगस्त
- लालगंज डिपो : लालगंज - 27 अगस्त
- मिर्जापुर डिपो : मड़िहान- 25 अगस्त, मिर्जापुर - 26 अगस्त