यूपी रोडवेज की ई-अटल सेवा का प्रयागराज के आसपास वाले शहरों के लिए संचालन शुरू हो गया है। यह सेवा उन शहरों के लिए शुरू की गई है, जिनकी प्रयागराज से दूरी 100 किमी या उससे कम है।
महाकुंभ के दौरान ही प्रयागराज को रोडवेज मुख्यालय से 24 ई-अटल बसें मिली थीं। 40 सीट वाली इन एसी बसों का संचालन शटल सेवा के रूप में किया गया। पिछले वर्ष ही तय किया गया था कि कम दूरी वाले शहरों के लिए यूपी रोडवेज ई-अटल बस सेवा शुरू करेगा। हालांकि, इनका संचालन प्रयागराज से वाराणसी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, फतेहपुर आदि शहरों के लिए होना है। लेकिन, अभी यूपी रोडवेज के प्रयागराज रीजन ने इनका संचालन कम दूरी वाले शहरों के लिए शुरू किया है।
इनको चार्ज करने के बाद अधिकतम 200 किमी चलाया जा सकता है। अभी कुछ शहरों में इनके चार्जिंग स्टेशन तैयार नहीं हुए हैं। इसी वजह से रोडवेज ने इनका संचालन उन स्थानों के लिए शुरू किया है, जो प्रयागराज से अधिकतम 100 किमी की दूरी पर हैं। ताकि, वहां ई-बसें पहुंच कर लौट सकें। फिलहाल, प्रयागराज से सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, गोपीगंज, हंडिया, ऊंचाहार, कुंडा, लालगोपालगंज, खागा, सैनी एवं मूरतगंज के लिए इन बसों को शुरू किया गया है। सभी 24 बसें इन रूटों पर शुरू की गई हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी ने बताया कि प्रतापगढ़ रूट पर पांच, गोपीगंज-हंडिया रूट पर आठ, ऊंचाहार-कुंडा-लालगोपालगंज रूट पर छह व खागा-सैनी-मूरतगंज रूट पर पांच बसें लगाई गई हैं।
प्रयागराज से ई-अटल बस सेवा का किराया
स्थान- किराया
सुल्तानपुर - 237
प्रतापगढ़ - 141
गोपीगंज - 137
हंडिया - 79
ऊंचाहार - 192
कुंडा - 127
लालगोपालगंज-89
खागा-196
सैनी-130
मूरतगंज-72