ऐसे में माना जा रहा था कि परीक्षा अब किसी भी कीमत पर स्थगित नहीं होगी, लेकिन इस बीच एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक प्रकरण सामने आ गया और चौंकाने वाली बात यह कि पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी के पास पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा के पेपर भी मिले, जो आयोग ने उसे छापने के लिए दिए थे। पेपर संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। ऐसे में इस परीक्षा का पेपर भी आउट कराने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आयोग के सचिव जगदीश की ओर से जारी विज्ञप्ति में परीक्षा स्थगित किए जाने का कोई विशेष कारण नहीं बताया गया है। सचिव के अनुसार परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित की गई है और परीक्षा के नए कार्यक्रम की सूचना बाद में जारी की जाएगी।
- पिछले साल 28 अक्तूबर को प्रदेश के 29 जिलों के 1381 केंद्रों में हुई थी प्रारंभिक परीक्षा। छह लाख 35 हजार 844 अभ्यर्थियों ने किए थे आवेदन। परीक्षा में 62.42 फीसदी शामिल हुए थे।
- 831 पदों पर भर्ती के लिए जारी किया गया था विज्ञापन। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम आने से पहले कई नए पद भी शामिल किए गए और पदों की संख्या बढ़कर 988 हो गई।
- यूपीपीएससी ने 30 मार्च को जारी किया था प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम। पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए 19096 अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित किया गया था।
- मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन सात मई से शुरू हुआ था। आवेदन की अंतिम तिथि 16 मई निर्धारित थी लेकिन अंतिम तिथि से एक दिन पहले वेबसाइट पर लोड बढ़ने से 500 से अधिक अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर सके। बाद में आवेदन तिथि 23 मई तक बढ़ाई गई। आवेदन की हार्डकॉपी जमा करने की अंतिम तिथि 29 मई थी।