उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के पट्टी के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के सराय भिखारी गांव में दीपावली की रात को जमीनी विवाद को लेकर लाठी व धारदार हथियार चल गए।
इस हमले में चार लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सराय भिखारी गांव निवासी लालचंद(50) का अपने पड़ोसी राजेंद्र प्रसाद से जमीनी विवाद है। दीपावली की रात पड़ोसी राजेंद्र प्रसाद, छोटे लाल आदि ने उसके सबमर्सिबल पाइप में आग लगा दी।
लालचंद आग बुझाने गया तो विपक्षियों ने लाठी व धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इस हमले में लालचंद, फूलचंद, अजीत तथा भुल्लर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी अमरगढ़ ले जाया गया। जहां लालचंद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची आसपुर देवसरा पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। जबकि गांव में सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। हत्या की इस घटना में चार को नामजद करते हुए आसपुर देवसरा पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।